ओल्ड मेथोडिस्ट चर्च टाउनहॉल में बुधवार को कैरल गायन प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर चर्च को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया। क्रिसमस के उल्लास और उत्सव की तैयारियों का जोश कैरल गायन में शामिल प्रतिभागियों में साफ दिखाई दिया। प्रतियोगिता में शहर के विभिन्न चर्च और स्कूलों के छात्रों ने भाग लिया। फिलिप्स मेथोडिस्ट चर्च, सिटी मेथोडिस्ट चर्च दांग, सेंट पॉल चर्च, सेंट एंथोनी चर्च, क्राइस्ट मेथोडिस्ट चर्च रामपुर, एजी चर्च के गायकों ने हिस्सा लिया। वहीं विद्यालयों में पार्कर इंटर कॉलेज, मेथोडिस्ट गर्ल्स कॉलेज, विल्सोनिया कॉलेज, पाकबड़ा और विल्सोनिया कॉलेज सिविल लाइंस के गायकों ने ङी अपना हुनर दिखाया। कैरल्स में गायकों के स्वर ने सभी का मन मोह लिया। प्रतियोगिता में अंग्रेजी गायकों में पहला स्थान मेथोडिस्ट गर्ल्स कॉलेज, दूसरा स्थान विल्सोनिया कॉलेज पाकबड़ा व तीसरा स्थान विल्सोनिया कॉलेज सिविल लाइंस ने प्राप्त किया। वहीं हिंदी गायकों में विल्सोनिया कॉलेज सिविल लाइंस ने पहला, विल्सोनिया कॉलेज पाकबड़ा ने दूसरा व पारकर इंटर कॉलेज ने तीसरा स्थान हासिल किया। सांत्वना पुरस्कार मेथोडिस्ट कॉलेज को मिला। वहीं चर्च गायकों में पहले स्थान पर फिलिप्स मेमोरियल चर्च, दूसरे स्थान पर मेमोरियल चर्च, तीसरे स्थान पर सेंट एंथोनी चर्च रहे। हिंदी गायकों में पहला स्थान मेमोरियल चर्च, दूसरा स्थान एजी चर्च व तीसरा स्थान सेंट एंथोनी चर्च को मिला। सांत्वना पुरस्कार क्राइस्ट मेथोडिस्ट चर्च रामपुर के हाथों में रहा। संचालन शिवानी दास व जॉस्टन ने किया। इस मौके पर पादरी राजू चरन, पादरी रोहित मैसी, पादरी नितिन मैसी, डॉ. आशीष संतराम, डेविड जेम्स आदि मौजूद रहे।