मुरादाबाद जिले के करीब 15 साल पुराने बहुचर्चित मैनाठेर कांड में सोमवार को एडीजे-2 कृष्ण कुमार सिंह की अदालत ने फैसला सुनाया है। अदालत ने तत्कालीन डीआईजी अशोक कुमार सिंह पर हमले में 16 को दोषी करार दिया है। इस मामले में 19 के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई थी, जिनमें तीन आरोपियों की सुनवाई के दौरान मृत्यु हो चुकी है। अदालत 27 मार्च को दोषियों को सजा सुनाएगी। यह बहुचर्चित घटना छह जुलाई वर्ष 2011 की है। मैनाठेर थाना क्षेत्र के असालतनगर बघा गांव में पुलिस ने छेड़खानी के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके घर में दबिश दी थी। आरोपी के परिजनों ने दबिश के दौरान पुलिस पर धार्मिक पुस्तक के अपमान का आरोप लगाया था।