हनुमान जयंती पर शहर में श्रद्धा और उल्लास का माहौल बना रहा। बृहस्पतिवार को घरों और मंदिरों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंदिर की समितियों और संस्थाओं ने शोभायात्रा निकाली। साथ ही भंडारे, सुंदरकांड पाठ, सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ, भजन-संध्या भी हुए। दिनभर शहर में हनुमान जी के जयकारें गूंजते रहे। बालाजी सेवा समिति कटघर की ओर से साध्वी राघवेंद्री की अगुवाई जीआईसी चौराहे से शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का शुभारंभ 21 किलो का केक काटकर किया गया। छह फुट की अगरबत्ती जलाई गई। इस दौरान बाल स्वरूप हनुमान जी की झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही।