लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे पर सोमवार सुबह भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की मौत जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। जान गंवाने वाले सभी नैनीताल जिले के रहने वाले हैं। वह नोएडा ड्यूटी पर जा रहे थे।हादसा मुरादाबाद जिले के मूंढापांडे थाना क्षेत्र में मनकरा मोड़ के पास हुआ। रामपुर की ओर से आ रही कार आगे चल रही ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से घुस गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और मूंढापांडे सीएचसी पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने कार सवार पांच युवकों में से चार को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल मिला। उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।