सपा सांसद द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी को लेकर भाजपाई भड़क गए। भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। साथ ही सपा के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध जताया। कहा कि समाजवादी पार्टी माफी मांगे। भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता नारेबाजी करते कलक्ट्रेट पहुंचे। भाजपा महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला ने कहा कि सपा लगातार लोकतांत्रिक मर्यादाओं को तार-तार करने का कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री के प्रति इस प्रकार की टिप्पणी न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है बल्कि पूरे देश का अपमान है। भाजपा कार्यकर्ता ऐसे बयान देने वालों को लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देने का कार्य करेंगे। एमलसी डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों में लगातार मिल रही करारी हार से विपक्ष पूरी तरह बौखला गया है, जिसके कारण इस प्रकार की अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया जा रहा है। जनता ऐसे नेताओं और दलों को कभी स्वीकार नहीं करेगी। इस दाैरान जिला पंचायत अध्यक्ष डाॅ. शैफाली सिंह, एमएलसी डाॅ. जयपाल सिंह व्यस्त, विशाल त्यागी, शम्मी भटनागर, धर्मेंद्र नाथ मिश्रा, सुनीता शर्मा, आदेश चौधरी, विजयलक्ष्मी पंडित, सिमरन कौर, दीपा गुप्ता, सुनीता सैनी, रुचि चौधरी, पंकज शर्मा, रंजना शर्मा आदि माैजूद रहीं।