गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय में एलएलबी परीक्षा परिणाम में कथित गड़बड़ी और शैक्षणिक अनियमितताओं के विरोध में बुधवार को एबीवीपी(अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद) के कार्यकर्ताओं और छात्र-छात्राओं ने प्रशासनिक भवन के बाहर प्रदर्शन किया। करीब 20 मिनट तक धरना और नारेबाजी के बाद कुलपति प्रो. सचिन माहेश्वरी ने कार्यकर्ताओं से वार्ता की और उनकी मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया। राजकीय पॉलिटेक्निक स्थित गुरु जंभेश्वर विवि कैंप कार्यालय में एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कुलपति को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं ने एलएलबी प्रथम सेमेस्टर के असफल छात्रों के लिए निशुल्क विशेष परीक्षा आयोजित करने, समयबद्ध परीक्षा परिणाम घोषित करने की मांग की। इसके साथ ही पर्याप्त संसाधनों और शिक्षकों के बिना संचालित महाविद्यालयों की जांच कराने तथा विश्वविद्यालय में शैक्षणिक कैलेंडर प्रभावी ढंग से लागू करने की भी मांग उठाई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि पहली बार ऐसा हुआ है जब एलएलबी में अधिकतर छात्र-छात्राएं फेल हुए हैं। कई छात्रों की तीन से पांच विषय में बैक आई है। जबकि कुछ छात्रों को कई विषयों में शून्य अंक दिए गए हैं। उनका कहना है कि परिणामों की निष्पक्ष समीक्षा कर छात्रों को राहत दी जाए।