डॉ. भीमराव आंबेडकर पुलिस अकादमी में पिछले 12 माह से प्रशिक्षण ले रहे 47 प्रशिक्षु दरोगाओं का मंगलवार को प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा हो गया। भव्य पासिंग आउट परेड के साथ सभी प्रशिक्षुओं ने कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और जनता की सेवा के संकल्प के साथ उत्तर प्रदेश पुलिस का हिस्सा बन गए। पासिंग आउट परेड में अनुशासन, उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला। परेड में शामिल 47 प्रशिक्षु दरोगाओं में 44 मृतक आश्रित कोटे से नियुक्त हुए हैं, जबकि तीन दरोगा ऐसे रहे जो पिछली यूपी पुलिस दरोगा भर्ती के दौरान किसी कारणवश अपना प्रशिक्षण पूरा नहीं कर सके थे। अब प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद सभी को औपचारिक रूप से पुलिस विभाग में शामिल कर लिया गया।