प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह के गांव ओड़ी में गड़ई नदी पर निर्माणाधीन पुल के पास बनाया गया वैकल्पिक मार्ग सोमवार की रात तेज धारा में बह गया था। इससे 12 गांवों के बीच आवागमन ठप हो गया। ऐसे में अब लोगों को रस्सी के सहारे आवागमन करना पड़ रहा है। पीडब्ल्यूडी गड़ई नदी पर ओड़ी गांव के पास 2.10 करोड़ रुपये पुल का निर्माण करा रहा है। ग्रामीणों के आने-जाने के लिए विभाग ने पुल के पास कच्चा मार्ग बनाया था। अहरौरा बांध से नदी में पानी छोड़े जाने पर वैकल्पिक मार्ग बह गया। अब लोगों को तीन किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय कर गोगहरा और हसौली में बने पुल से आवागमन करना पड़ रहा है। इससे विद्यालय जाने वाले बच्चों को ज्यादा परेशानी हो रही है। राजकुमार सिंह, सत्येंद्र सिंह, प्रभुनारायण सिंह, राधेश्याम भारती, शारदा भारती, पंचम भारती, बच्चन सिंह, राजकुमार सिंह आदि ने आवागमन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कराने की मांग की है। एसडीएम चुनार राजेश कुमार वर्मा ने बताया सोमवार की रात गड़ई नदी में पानी ज्यादा आने के कारण डायवर्जन मार्ग में कटाव हो गया है, जिसकी मरम्मत कराई जा रही है।