मिर्जापुर में कटरा कोतवाली पुलिस ने बृहस्पतिवार को चेकिंग के दौरान मुठभेड़ के बाद दो शातिर चेन स्नेचरों को गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। दोनों के कब्जे से दो तमंचे, तीन जिंदा व एक खोखा कारतूस व लूटी गई पीली धातु की चेन बरामद हुई है। वारदात में प्रयुक्त टीवीएस राइडर बाइक भी ने कब्जे में ले ली। एएसपी सिटी नितेश सिंह ने बताया कि कटरा कोतवाली पुलिस टीम बृहस्पतिवार को जान्हवी तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान टीवीएस राइडर सवार दो युवकों को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। दोनों बाइक रोकने के बजाय तेज गति से दूधनाथ तिराहा होते हुए नटवा की तरफ भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर घेराबंदी की तो आरोपियों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के पैर में गोली लगी और वह बाइक से गिर गया। वहीं दूसरा आरोपी पैदल भागने लगा, जिसे पुलिस टीम ने घेरकर पकड़ लिया।