मिर्जापुर जिले के टांडाकला क्षेत्र में पड़ रही कड़ाके की ठंड ने अब तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। क्षेत्र में बृहस्पतिवार का दिन चालू शीत ऋतु का सर्वाधिक ठंडा और गलन वाला दिन दर्ज किया गया। घने कोहरे और बर्फीली हवाओं के कारण पूरा जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। घने कोहरे से थमी रफ्तार सुबह से ही क्षेत्र में अत्यधिक घना कोहरा छाया रहा। दृश्यता इतनी कम थी कि सड़कों पर वाहनों की गति बेहद धीमी हो गई, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। स्थानीय ग्रामीणों और किसानों के अनुसार, दिनभर बादल छाए रहे और सूर्य नारायण के दर्शन नहीं हुए। हालाँकि सुबह 10 बजे के बाद कोहरा कुछ हल्का हुआ, लेकिन दिनभर धुंध छाई रही। लोग ठंड और गलन से ठिठुरते रहे।