मेरठ। सरूरपुर के गांव मैनापूठी में यात्री शेड तोड़ने और बिना अनुमति के मलबे से निकले लोहे के सरिया को बेचने के विरोध में ग्रामीण खंड विकास अधिकारी के कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए और अधिकारी का घेराव किया। आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रधान पति और सचिव पर राजस्व को नुकसान पहुंचाने के गंभीर आरोप लगाए है। जबकि दो दिन पहले अभिषेक चौहान ने एसडीएम से शिकायत की थी। एसडीएम उदित नारायण सेंगर बीडीओं को जांचकर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। मामले में कार्रवाई नहीं होने पर सोमवार को ग्रामीण धरने पर बैठ गए। अभिषेक चौहान ने बताया कि दो दिन पहले ग्राम प्रधान पति व सचिव ने विधायक निधि से बने यात्री शैड को तुडवा दिया था। इसके बाद उन्होंने मलबे से निकलने वाले सरिया को बुग्गी में लादकर बेचने के लिए हर्रा भेज दिया। जब उन्हें इसकी जानकारी हुई तो पुलिस चौकी के सामने उन्होंने सरिया से भरे बुग्गी को पकड़ लिया। मामले को लेकर जब उन्होंने पंचायत सचिव से बात की तो पोल खुलने पर पंचायत सचिव ने गुमराह करते हुए मलबे से निकले सरिया को किसी सुरक्षित स्थान पर रखने की बात कही। उच्च एसडीएम के निर्देश के बाद भी आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई तो अभिषेक चौहान ने ग्रामीणों के साथ खंड विकास कार्यालय का घेराव किया। इस संबंध में बीडीओं अशोक शर्मा का कहना है कि मामले की तीन दिन के अंदर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।