मेरठ। मवाना में उप जिलाधिकारी न्यायालय और सीओ कार्यालय के पीछे पड़ी रिक्त भूमि पर कुछ अधिवक्ताओं द्वारा कुर्सी-बेंच डालकर स्थायी कब्जा करने का मामला तूल पकड़ गया। नायब नाजिर की रिपोर्ट पर एसडीएम मवाना ने नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने के आदेश दिए थे। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव कंसल की अगुवाई में अधिवक्ता एकत्र हुए और एसडीएम कार्यालय पर पहुंचकर रोष व्यक्त किया ,इस कार्रवाई से नाराज़ अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में उप जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव कर विरोध जताया। अधिवक्ताओं का कहना था कि उन्हें बिना कारण परेशान किया जा रहा है। मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई, अधिवक्ताओं के हंगामे के बाद स्थिति सामान्य हो गई और उप जिलाधिकारी द्वारा नोटिस वापस लेने पर अधिवक्ता शांत होकर अपने-अपने चेंबर पर लौट गए।