मेरठ में बिजली बंबा बाईपास स्थित ग्राम बजौट में सड़क निर्माण के नाम पर एक किसान की खड़ी मक्का की फसल पर जेसीबी चलाने का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान ने ग्राम प्रधान और अन्य लोगों के खिलाफ थाना लोहिया नगर में तहरीर देकर कार्रवाई और मुआवजे की मांग की है। बताया गया कि ग्राम बजौट के ग्राम प्रधान रजनी पत्नी अनिल त्यागी का पुत्र प्रिंस त्यागी ग्राम पंचायत के कार्यों को देखता है। आरोप है कि बिजली बंबा बाईपास से गांव तक सड़क बनाने की बात कहते हुए प्रिंस त्यागी ने अपने साथियों के साथ मिलकर किसान अर्जुन त्यागी के खेत में खड़ी मक्का की फसल पर जेसीबी मशीन चलवा दी। पीड़ित किसान का कहना है कि उसे इस बारे में कोई पूर्व सूचना नहीं दी गई। जेसीबी से लगभग चार फीट गहरा और चार से पांच फीट चौड़ा हिस्सा खोद दिया गया, जिससे उसकी फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई। किसान ने यह भी आरोप लगाया कि दूसरी ओर प्रधान पुत्र के परिवार के खेत हैं और वहां सीमा से अधिक चारदीवारी भी कराई गई है। किसान को जब घटना की जानकारी मिली तो वह मौके पर पहुंचा और फसल की बर्बादी देखकर भावुक हो गया। उसने फोन पर प्रधान पुत्र से विरोध जताया, लेकिन आरोप है कि उसे एक मंत्री का नाम लेकर धमकी दी गई। पीड़ित किसान अर्जुन त्यागी ने थाना लोहिया नगर में तहरीर देकर फसल के नुकसान का मुआवजा और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।