मेरठ। दौराला के बड़कली स्थित राम कृष्ण इंटर कॉलेज में मंगलवार को विद्यालय के संस्थापक स्व. सोहन लाल शर्मा की स्मृति में आयोजित चार दिवसीय क्रीड़ा प्रतियोगिता के तीसरे दिन भी विभिन्न खेल का आयोजन किया गया। बालक-बालिकाओं ने खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रधानाचार्य भुवनेश मोहन ने देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी चरण सिंह की जयंती पर उनके चित्र पर माल्यार्पण किया और बच्चों को उनके जीवन के बारे में जानकारी दी। बालिका जूनियर वर्ग में की खो-खो में सुभाष ग्रुप ने भगत सिंह ग्रुप को और राजगुरु ग्रुप ने सुखदेव ग्रुप को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में सुभाष ग्रुप ने राजगुरु ग्रुप को हराकर ट्राॅफी पर कब्जा जमाया। बालिका सीनियर वर्ग की खो-खो के फाइनल में सुखदेव ग्रुप ने राजगुरु ग्रुप को हराकर ट्राॅफी पर कब्जा किया। बालिका प्राईमरी वर्ग में सुखदेव ग्रुप ने ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। सीनियर वर्ग की लंबी कूद में तनु ने प्रथम, मनीषा ने द्वितीय, वैष्णवी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में नैना ने प्रथम, शिवानी ने द्वितीय, मानसी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्राइमरी वर्ग की कबड्डी में राजगुरु ग्रुप ने 20-3 से भगत सिंह ग्रुप को हराकर ट्राॅफी पर कब्जा जमाया। जूनियर वर्ग में भगत सिंह ग्रुप ने 30-24 से सुभाष ग्रुप पर जीत हासिल कर ट्राॅफी पर कब्जा जमाया। सीनियर वर्ग में राजगुरु ग्रुप ने 30-11 से सुखदेव ग्रुप को हराया। बालक वर्ग की क्रिकेट प्रतियोगिता में सुभाष ग्रुप ने 14 रन से भगत सिंह ग्रुप को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। इस दौरान संदीप शर्मा, उमेश, अमित, ॠषिपाल, सुदेश, साहब सिंह, पवन, प्रदीप, रोहताश, प्रतिभा, दीपा, भारती, अनिता, मनीषा, हिना, सुमन, पूजा, प्रिया, सारिका आदि मौजूद रहे।