मेरठ। सरधना में ईद की खुशियों के दौरान एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गुरुवार सुबह हुए सड़क हादसे में 13 वर्षीय बालक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। थाना क्षेत्र के गांव पिठलोकर निवासी यहिया पुत्र इसराईल गुरुवार सुबह परिजनों को बिना बताए ई-रिक्शा में बैठकर सरधना आ रहा था। बताया गया कि कालंद गांव के पास पीछे से तेज गति में आए एक जुगाड़ वाहन ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में यहिया गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल बालक को उपचार के लिए सरधना के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम छा गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। बताया गया कि परिजन पोस्टमार्टम कराने के पक्ष में नहीं हैं, जबकि पुलिस उन्हें समझाने का प्रयास कर रही है। हादसे के बाद आरोपी चालक जुगाड़ वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।