मेरठ के शास्त्री नगर सेक्टर-3 में सेटबैक कार्रवाई के विरोध में महिलाओं का धरना मंगलवार को भी जारी रहा। करीब एक माह 20 दिन से महिलाएं अपने घरों को बचाने की मांग को लेकर धरनास्थल पर डटी हुई हैं और आवास विकास परिषद की कार्रवाई के खिलाफ आवाज उठा रही हैं। धरने पर बैठी महिलाओं का कहना है कि वर्षों से बसे हुए घरों पर की जा रही कार्रवाई से परिवारों में भय और असमंजस का माहौल बना हुआ है। उनका आरोप है कि बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था या समाधान के की जा रही कार्रवाई से कई परिवार प्रभावित होंगे। महिलाओं ने प्रशासन और आवास विकास परिषद से मांग की कि प्रभावित लोगों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए कोई व्यवहारिक समाधान निकाला जाए। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। धरनास्थल पर महिलाओं ने अपने घरों और परिवारों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई तथा प्रशासन से संवेदनशीलता के साथ मामले का समाधान करने की अपील की। क्षेत्र में चल रही सेटबैक कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों के बीच चर्चा और विरोध का माहौल बना हुआ है।