मेरठ के सरूरपुर में भूनी टोल प्लाजा पर गांव गोटका निवासी सेना के जवान कपिल के साथ रविवार रात हुई मारपीट का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। घटना के विरोध में सोमवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने भूनी टोल प्लाजा पर जमकर हंगामा करते हुए धरना-प्रदर्शन और तोड़फोड़ की थी। इसके बाद से लगातार टोल पर तनाव का माहौल बना हुआ है। बुधवार को भी भूनी टोल पूरी तरह फ्री रहा और वाहनों से किसी भी प्रकार की वसूली नहीं की गई। सुरक्षा की दृष्टि से टोल पर भारी पुलिस फोर्स तैनात किया गया है। पुलिस प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। पुलिस ने सेना के जवान के साथ मारपीट करने वाले सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि आठवां आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है। उसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।