मेरठ के मवाना कस्बे के सबसे व्यस्ततम क्षेत्र सुभाष चौक के निकट दो माह के भीतर दूसरी बड़ी चोरी की वारदात होने से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बुधवार-गुरुवार रात को चोरों ने सुभाष बुक डिपो, जैन मिष्ठान भंडार और अग्रवाल साइकिल स्टोर में छतों से कुंबल कर सेंध लगाई। दुकानों से हजारों रुपये की नकदी और कीमती सामान पर हाथ साफ किया गया। दुकान संचालक राजीव अग्रवाल, नितिन अग्रवाल और अशोक कुमार जैन ने मामले की सूचना थाना पुलिस को दी है। इसी स्थान के नजदीक 4 अक्टूबर को भी चोरों ने श्रेय हार्डवेयर से छत तोड़कर लाखों रुपये की ज्वैलरी और नकदी चोरी की थी। दो माह बीत जाने के बाद भी पुलिस इस मामले का खुलासा नहीं कर पाई है। लगातार हो रही वारदातों से व्यापारी वर्ग में रोष है, वहीं ताज़ा घटना ने पुलिस की चुनौती और बढ़ा दी है।