मेरठ के दौराला थाना क्षेत्र में बने रैपिड रेल यार्ड से लंबे समय से सामान चोरी हो रहा था, लेकिन किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। जब कंपनी के कांट्रेक्टर ने सामान की गिनती कराई, तो बड़ी मात्रा में सामग्री गायब पाई गई। कांट्रेक्टर नन्दलाल ने मामले की सूचना पुलिस को देते हुए थाने में तहरीर सौंपी। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। चोरी करने वाले कोई बाहरी नहीं, बल्कि यार्ड में तैनात चौकीदार ही निकले। इस मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि रैपिड रेल यार्ड से चोरी करने वाले पांच आरोपी सुहैल, रिंकू, रमेश, धर्मेंद्र और मोनू को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से रिंकू, रमेश, धर्मेंद्र और मोनू यार्ड के चौकीदार हैं, जबकि सुहैल चोरी किए गए सामान को छोटी हाथी वाहन से बाहर ले जाता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में चोरी किया गया सामान बरामद कर लिया है। वहीं इस गिरोह से जुड़े कबाड़ी समेत दो आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।