मेरठ में एसएसपी ऑफिस पर उस वक्त हंगामा हो गया, जब एक विवाहिता अपनी मां और परिजनों से अपने और अपने पति की सुरक्षा की गुहार लगाने पहुंची, लेकिन उसकी मां ने ऑफिस के अंदर जाते समय पकड़ लिया और बाहर खींच लाई। मीडिया के कवरेज करने पर ऑफिस परिसर में खड़ी महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोका और पीड़िता को जनसुनवाई कर रहे अधिकारी के सामने पेश किया। दरअसल लोहियानगर थाना क्षेत्र की रहने वाली ममताज नाम की विवाहिता ने बताया कि वो बालिग है और अपनी मर्ज़ी से लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के रहने वाले फरदीन से शादी की। आरोप लगाया कि उसकी मां और परिजन जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। वहीं ममताज की मां का कहना है कि उनकी बेटी नाबालिग है और फरदीन ने उसे अपने प्रेमजाल में फंसाकर शादी की। हालांकि जनसुनवाई कर रहे एसपी क्राइम अवनीश कुमार ने मामले की निष्पक्ष जांच के आदेश दिए हैं।