मेरठ के शास्त्री नगर एफ ब्लॉक में सोमवार दोपहर एक मकान में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। मकान शिव मंदिर के पास स्थित है। आग लगने से घर में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मकान मालिक प्रेम सिंह पुत्र भोपाल सिंह ने बताया कि उनकी बेटी की शादी 1 जून को होनी है और शादी के लिए घर में सामान इकट्ठा करके रखा गया था, जो आग की चपेट में आकर जल गया। उन्होंने बताया कि वह फल का ठेला लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं।