सरधना थानाक्षेत्र के कालंदी गांव में ग्राम समाज की जमीन पर महर्षि कश्यप की मूर्ति स्थापना को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। जानकारी के अनुसार कश्यप समाज के युवक जयंती के अवसर पर मूर्ति लाने के लिए गए हैं, वहीं ठाकुर समाज के कुछ लोग इसका विरोध कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि बिना प्रशासनिक अनुमति मूर्ति स्थापना की चर्चा से गांव में तनाव की स्थिति बन गई है। दोनों पक्षों के बीच इस मुद्दे को लेकर कहासुनी भी हुई, जिसके बाद माहौल संवेदनशील हो गया। सूचना पर पुलिस व प्रशासन सतर्क हो गया है और गांव में स्थिति पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि बिना अनुमति किसी भी प्रकार की स्थापना नहीं होने दी जाएगी और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।