मेरठ के भावनपुर थाना क्षेत्र में रसूलपुर औरंगाबाद गांव में बच्चों के विवाद में हुई कहासुनी के बाद एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर हमला बोल दिया, जिसमें कई लोग घायल हो गए। मामले की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। पीड़ित पक्ष ने आधा दर्जन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। दरअसल भावनपुर के गांव रसूलपुर औरंगाबाद की रहने वाली रिहाना पत्नी मोमिन ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसके पड़ोसी इंशाद पुत्र यूसुफ ने अपने साथी सलीम, नौशाद, भूरा, आरिफ और शाहरुख के साथ मिलकर उसके परिवार पर हमला बोल दिया। जिसमे नदीम, नईम, सानिया और रिहान घायल हो गए, जिन्हें डॉक्टरी के लिए भेजा गया। वहीं, घटना पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। उधर, पुलिस ने तहरीर के आधार पर 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया है। थाना प्रभारी जोगेंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।