संविधान दिवस के अवसर पर मेरठ जनपद में विभिन्न स्तरों पर संविधान शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए गए । एडीजी भानु भास्कर ने अपने ऑफिस में कर्मचारियों को शपथ ग्रहण कराई। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अभिजीत कुमार ने पुलिस कार्यालय में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी संविधान की शपथ दिलायी गई । कार्यक्रम के दौरान संविधान दिवस के महत्व, इसकी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि तथा संविधान में निहित मूल्यों जैसे न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता की भावना पर प्रकाश डाला गया। इसी क्रम में पुलिस लाइन स्थित बहुउद्देशीय हाल में एएसपी अंतरिक्ष जैन ने पुलिस लाइन में नियुक्त अधिकारियों, कर्मचारियों तथा आधारभूत प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों को भारतीय संविधान के प्रति निष्ठा एवं कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलायी गई। साथ ही जनपद मेरठ के सभी थानों पर प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष द्वारा पुलिस बल को संविधान के प्रति आस्था, विधि-व्यवस्था के संरक्षण तथा जनसेवा में ईमानदारी पूर्वक कर्तव्यों के निर्वहन की शपथ दिलाई गई। जनपद में आयोजित सभी शपथ ग्रहण कार्यक्रम शांति, गरिमा एवं अनुशासनपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुए। संविधान दिवस के इस अवसर पर पुलिस बल को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका के प्रति जागरूक रहने तथा संविधान की मूल भावना को सदैव सर्वोपरि रखने का संकल्प दिलाया गया।