मेरठ में अमर उजाला दोस्त पुलिस कार्यक्रम के अंतर्गत कनोहर लाल महिला महाविद्यालय की एनसीसी की छात्राओं ने बुधवार को थाना ब्रह्मपुरी का दौरा किया। इस दौरान छात्राओं को थाने की कार्यप्रणाली, पुलिस की जिम्मेदारियों और आम जनता की सुरक्षा से जुड़े पहलुओं की जानकारी दी गई। महिला थाना प्रभारी नीलम ने छात्राओं से संवाद करते हुए उनके सवालों के जवाब दिए और पुलिस विभाग में महिलाओं की भूमिका पर भी विस्तार से चर्चा की। छात्राओं ने पुलिस की कार्यशैली को नजदीक से समझने का अवसर मिलने पर खुशी जाहिर की।