एशिया कप में भारत ने पाकिस्तान को हराकर शानदार जीत दर्ज की। जैसे ही भारत की जीत हुई, मेरठ में क्रिकेट फैंस सड़कों पर उतर आए। बेगमपुल चौराहे पर बड़ी संख्या में फैंस इकट्ठा हुए और ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूमकर जश्न मनाया। हर तरफ भारत माता की जय और टीम इंडिया ज़िंदाबाद के नारे गूंजने लगे। युवा हाथों में तिरंगा लहराते दिखे। कई जगह मिठाइयां बांटी गईं और लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर जीत की बधाई दी। फैंस का कहना था कि भारत की यह जीत सिर्फ क्रिकेट की जीत नहीं बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का पल है। टीम इंडिया के प्रदर्शन से हर कोई गदगद दिखा। मेरठ क्रिकेट के लिए हमेशा से खास माना जाता रहा है। यहां भारत की जीत का जश्न बेहद खास अंदाज़ में मनाया गया। ढोल की थाप पर नाचते हुए युवाओं ने कहा कि भारत-पाकिस्तान मुकाबला हमेशा रोमांचक होता है और जीत का मजा दोगुना कर देता है।