मेरठ के सरूरपुर में मेरठ-बड़ौत रोड पर खिवाई पुलिस चेक पोस्ट के पास शुक्रवार को भयंकर जाम की स्थिति पैदा हो गई। एक निजी फैक्ट्री के वाहन रोड पर ही अवैध पार्किंग में वहां खड़े कर देते हैं। जिससे पूरे मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया। फैक्ट्री वाहनों की अवैध पार्किंग के कारण सड़क संकरी हो गई और दोनों ओर से आने-जाने वाले वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम कई किलोमीटर तक लग गया और लोग घंटों तक परेशान रहे। यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमराकर रह गई। भारी वाहनों के बीच फंसे छोटे वाहन चालकों को निकलने में खासी मशक्कत करनी पड़ी। ग्रामीणों ने बताया कि यह समस्या अक्सर खिवाई पुलिस चेक पोस्ट के आसपास देखने को मिलती है। निजी फैक्ट्री के वाहन सड़क पर खड़े कर दिए जाते हैं। जिससे जाम की स्थिति बन जाती है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध पार्किंग पर कड़ा अंकुश लगाया जाए और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए। ताकि राहगीरों को राहत मिल सके।