मेरठ के दौराला में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दौराला पर मंगलवार को एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन का शुभारंभ नगर पंचायत दौराला के चेयरमैन देवेन्द्र सिंह ने फीता काटकर किया गया। इस पहल के साथ ही क्षेत्र की किशोरियों को अब गंभीर बीमारी गर्भाशय कैंसर से बचाव के लिए मुफ्त टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध हो गई है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सचिन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि सीएचसी दौराला पर प्रत्येक सोमवार, मंगलवार, बृहस्पतिवार एवं शुक्रवार को एचपीवी वैक्सीन लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि यह वैक्सीन विशेष रूप से महिलाओं को गर्भाशय के कैंसर से बचाने में कारगर है, जो कि महिलाओं में होने वाली गंभीर बीमारियों में से एक है। उन्होंने आगे बताया कि यह टीका 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी तथा 15 वर्ष से कम आयु की किशोरियों को लगाया जा रहा है। निजी अस्पतालों में जहां इस वैक्सीन की एक डोज की कीमत लगभग 4500 रुपये तक होती है। वहीं सीएचसी दौराला पर यह सुविधा पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। बीपीएम यशवीर राणा ने बताया कि टीकाकरण के लिए आने वाली लाभार्थी किशोरियों को अपना आधार कार्ड एवं मोबाइल नंबर साथ लाना अनिवार्य होगा, ताकि पंजीकरण एवं रिकॉर्ड सही तरीके से किया जा सके। इस दौरान डॉ. ज्योति, डॉ. गौरव पंवार, फार्मासिस्ट विजेंद्र सिंह, सतीश गिरी, वीपी शर्मा, राजवीर सिंह, सृष्टि, रूचि, शशि लता, अतुल यादव आदि मौजूद रहे।