मेरठ में छात्रा हत्याकांड मामले में पीड़ित परिवार से मिलने और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देने जा रहे कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे स्थित काशी (कंस) टोल प्लाजा पर पुलिस ने रोक दिया। इसके विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हंगामा करते हुए पुलिस और प्रदेश सरकार पर विपक्ष की आवाज़ दबाने का आरोप लगाया। प्रतिनिधिमंडल में सांसद इमरान मसूद, किशोरी लाल शर्मा, तनुज पुनिया, कर्मवीर बौद्ध, विधायक वीरेंद्र चौधरी, उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र गौतम और अन्य कांग्रेस नेता शामिल थे। नेताओं का आरोप है कि सत्ता पक्ष के नेताओं को पीड़ित परिवार से मिलने की अनुमति दी जा रही है, जबकि विपक्षी प्रतिनिधियों को रोका जा रहा है।