शामली के कैराना में 14 मार्च को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन के लिए सोमवार को जनपद न्यायालय परिसर से एक प्रचार रैली निकाली गई। रैली को जिला जज इंद्रप्रीत सिंह जोश ने सुबह 11 बजे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान बताया गया कि आगामी 14 मार्च को राष्ट्रीय लोक अदालत में लंबित वादों का निस्तारण किया जाएगा। लोक अदालत में लगभग दो लाख वादों के निस्तारण का लक्ष्य रखा गया है। राष्ट्रीय लोक अदालत में एनआई एक्ट, विभिन्न प्रकार के चालान, राजस्व वाद और बैंक से संबंधित मामलों का निस्तारण किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जनपद न्यायाधीश इंद्रप्रीत सिंह जोश ने अधिक से अधिक वादों के निस्तारण का आह्वान किया। इस अवसर पर न्यायिक अधिकारी और अधिवक्ता भी मौजूद रहे।