मेरठ के दौराला में सहकारी गन्ना विकास समिति में शुक्रवार को सामान्य निकाय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में गन्ना किसानों की समस्याओं को लेकर विचार रखे गए, साथ ही किसानों ने दौराला मिल के गन्ना भुगतान की सराहना की। बैठक दौराला शुगर मिल वर्क्स क्लब में आयोजित की गई। बैठक में समिति से जुड़े अन्य चीनी मिल के किसानों ने दौराला चीनी मिल के समय से दिए जाने वाले गन्ना भुगतान की सराहना की, साथ ही किनौनी मिल द्वारा समय से भुगतान नहीं करने पर गन्ना नहीं देने की बात कही और दौराला मिल से उन्हें जोड़ने की मांग की। किसानों ने दौराला समिति और चीन मिल अधिकारियों से अपने क्षेत्र में खाद गोदाम खोलने की मांग की। चेयरमैन भूपेंद्र अहलावत ने कहा कि समिति द्वारा किसानों के लिए गन्ने की नई प्रजाति लानी चाहिए। गन्ना किसान नई प्रजाति को उस दाम पर खरीदेगा, जिस दाम पर मिल को वह गन्ना देता है। किसानों का शोषण नहीं होने दिया जाएगा। बताया कि गन्ना मंत्री से भी मुलाकात कर किसानों की समस्याओं से अवगत कराया गया और किसानों ने लिए गन्ने की नई किस्म लाने को लेकर भी चर्चा की गई। बैठक का संचालन समिति सचिव प्रदीप यादव ने किया।