मेरठ। सरधना तहसील रोड स्थित ग्रोथ ऐम्बीशन कंपनी के खिलाफ निवेशकों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। कंपनी के मालिक नवाजिश खान पर करोड़ों रुपये की ठगी कर फरार होने का आरोप है। बता दें कि नगर में तहसील रोड पर स्थित थाने के पास ग्रोथ एंबिशन नाम से एक ऑफिस खोला गया था। इसमें कुछ लोगों ने निवेश योजना के नाम पर इलाके के सैकड़ों लोगों से मोटी रकम ऐंठ ली। आरोपियों ने निवेशकों को छह महीने में पांच गुना रकम लौटाने का झांसा दिया था। इस कारण लोगों ने अपनी जमीन व जेवरात गिरवी रखकर कंपनी में मोटी रकम निवेश की थी। जब कंपनी के पास करोड़ों रुपये जमा हुए तो आरोपी अपने कार्यालय पर ताला लगाकर रातोंरात भाग गए। दर्जनों निवेशकों ने थाने में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। वहीं, बुधवार को भी निवेशकों ने अरोपी कंपनी संचालक नवाजिश के मकान पर हंगामा किया। पुलिस को तहरीर देते हुए परवेज अंसारी पुत्र सरताज निवासी मोहल्ला गोमती नगर, सरधना ने बताया कि 10 सितंबर 2025 को नवाजिश खान ने उसे उसके पैसे लौटाने का वादा किया था। जब वह नवाजिश के घर पहुंचा, तो वहां पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई। प्रवेज के अनुसार, नवाजिश के पिता अमीर अहमद ने उसके साथ गाली-गलौच की, जबकि उसका छोटा भाई आरिस ने उसे जान से मारने की धमकी दी।