मेरठ के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में एक अनधिकृत कार्यक्रम के आयोजन, सड़क पर जाम और स्टंटबाजी के आरोप में पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी के बेटे फिरोज कुरैशी समेत छह लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। प्रमोशन इवेंट में शामिल हुआ था फिरोज यह मामला गुरुवार को ब्रह्मपुरी पुलिस द्वारा दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम को लिसाड़ी रोड स्थित B.S.पैलेस में एक पेय पदार्थ कंपनी के उत्पाद के प्रमोशन के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें फिरोज कुरैशी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुआ था। कार्यक्रम शाम सात बजे शुरू हुआ और कुछ ही देर में इसकी भीड़ के चलते बाहर सड़क पर जाम लग गया। इसी बीच कुछ युवक कारों पर स्टंटबाजी करने लगे। इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। रात करीब आठ बजे पुलिस को इसकी सूचना मिली। ब्रह्मपुरी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्यक्रम को बंद करा दिया और आयोजकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। इन पर हुआ मुकदमा दर्ज सीओ ब्रह्मपुरी एएसपी अंतरिक्ष जैन ने जानकारी दी कि गणेशपुरी चौकी इंचार्ज हिमांशु भारद्वाज की तहरीर पर फिरोज कुरैशी, आयोजक सुफियान कुरैशी, प्रिंस, नौमान समेत छह नामजद और कुछ अज्ञात लोगों पर बिना अनुमति के कार्यक्रम करने, ट्रैफिक बाधित करने और स्टंटबाजी का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब सोशल मीडिया वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।