हस्तिनापुर क्षेत्र के तारापुर गांव में बुधवार को एक मगरमच्छ आबादी और खेतों के निकट पहुंच गया, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई। मगरमच्छ को देखकर लोगों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन क्षेत्राधिकारी खुशबू उपाध्याय के निर्देशन में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों को सुरक्षित दूरी पर रखते हुए काफी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया। स्वास्थ्य परीक्षण में मगरमच्छ पूरी तरह स्वस्थ पाया गया, जिसके बाद उसे उसके प्राकृतिक आवास गंगा नदी में छोड़ दिया गया। रेस्क्यू अभियान के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे। वन विभाग के अनुसार इससे पहले भी तारापुर, कुंहेड़ा और बड़ी चामरौद क्षेत्र में मगरमच्छों के निकलने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के कारण खादर क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि मगरमच्छ या किसी अन्य वन्यजीव के दिखाई देने पर तुरंत विभाग को सूचना दें और स्वयं उसे पकड़ने या नुकसान पहुंचाने का प्रयास न करें।