सेंट्रल मार्केट की महिलाएं और पुरुष अपने मामले में पक्ष रखने के लिए दिल्ली पहुंचे, जहां वे सुप्रीम कोर्ट के उस वकील से मिले जिनके बारे में सांसद अरुण गोविल ने उन्हें जानकारी दी थी। लोगों का कहना है कि वे अपनी समस्या और मांगों को कानूनी रूप से रखने के लिए वकील से सलाह लेने पहुंचे हैं। इसी कारण आज सेंट्रल मार्केट में चल रहा धरना नहीं दिया गया। प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना है कि वे इस मुद्दे पर समाधान की उम्मीद से दिल्ली गई हैं। महिलाओं ने स्पष्ट कहा कि अगर आज उन्हें किसी तरह की राहत नहीं मिलती है, तो वे पहले से भी अधिक मजबूती के साथ धरना फिर से शुरू करेंगी और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेंगी।