बागपत जिले में बिना मानकों के संचालित हो रहे अवैध भवनों और वाटर पार्कों की जांच की मांग को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोगों के साथ डीएम से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं ने ऐसे प्रतिष्ठानों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की। भाजपा नेता संदीप वशिष्ठ ने बताया कि हाल ही में लखनऊ के एक कोचिंग सेंटर में आग लगने से 15 लोगों की मौत हो गई थी। उन्होंने कहा कि ऐसी दुखद घटना बागपत जिले में न हो, इसके लिए प्रशासन को पहले से सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि गोरीपुर-मीतली क्षेत्र में एक वाटर पार्क बिना निर्धारित मानकों और सुरक्षा व्यवस्थाओं के संचालित किया जा रहा है। गर्मी के मौसम में वहां बड़ी संख्या में बच्चे और अन्य लोग नहाने व मनोरंजन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने डीएम से मांग की कि जिले में संचालित सभी वाटर पार्कों, व्यावसायिक भवनों और सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा एवं निर्माण मानकों की जांच कराई जाए। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।