मेरठ के परतापुर बाईपास स्थित एमआईटी कॉलेज में शुक्रवार को आयोजित इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन रिसर्च एडवांस इन प्योर एंड एप्लाइड मैथमेटिक्स उस वक्त विवादों में आ गई, जब कुछ हिंदू संगठनों ने सम्मेलन में तुर्किए की प्रतिनिधि को आमंत्रित करने का आरोप लगाते हुए कॉलेज में जमकर नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन किया। हिंदू रक्षा दल और भारतीय किसान मंच के दर्जनों कार्यकर्ता शुक्रवार को कॉलेज पहुंचे और कहा कि तुर्की ने हाल ही में पाकिस्तान को भारत के खिलाफ ड्रोन मुहैया कराए हैं, ऐसे में किसी भी तुर्की नागरिक को सम्मेलन में बुलाना देशविरोधी गतिविधि है। प्रदर्शनकारियों ने 'बायकॉट तुर्की' और 'पाकिस्तान मुर्दाबाद' के नारे लगाए और कार्यक्रम को रद्द करने की मांग की।