मऊ जिले के सरायलखंसी थाना क्षेत्र के रणवीरपुर गांव में सड़क के किनारे खेत में बृहस्पतिवार की सुबह युवक का शव मिला। उसके सिर पर गहरे चोट के निशान से जिससे पुलिस हत्या की आशंका जता रही है। शव की पहचान नहीं हो पाई। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर जिला अस्पताल भेज दिया है। पहचान नहीं होने पर 72 घंटे बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। बृहस्पतिवार की सुबह ग्रामीणों ने सड़क किनारे युवक का शव पड़ा देखा। उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना दी। एएसपी अनूप कुमार, सरायलखंसी थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह और एसओजी फारेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से सबूत जुटाए। एएसपी अनूप कुमार ने बताया कि युवक की उम्र लगभग 25 वर्ष है। सिर पर चोट के गहरे निशान हैं, जिससे स्पष्ट होता है कि किसी ने लाठी डंडे से पीटकर उसकी हत्या कर दी है। आसपास शराब की बोतल और कुछ नगदी बरामद हुई है। उसके पास से किसी तरह का पहचानपत्र नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान नहीं हो पाई है।