मऊ के नगर कोतवाली के सलाहाबाद फोरलेन पर शनिवार की सुबह घने कोहरे के कारण ट्रेलर को बचाने के चक्कर में बालू लदा ट्रेलर पुल से नीच गिर गया। हादसे में ट्रक चालक और खलासी घायल हो गया। पुलिस की मदद से दोनों घायलों को एंबुलेंस द्वारा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद खलासी को छोड़ दिया गया, जबकि चालक का उपचार जारी था। जानकारी के अनुसार महाराजगंज जनपद के फरंदा गांव निवासी चालक तिलक राज 36 पुत्र राजाराम अपने सहयोगी खलासी गोरखपुर जनपद के भीटी निवासी अवधेश 24 के साथ ट्रेलर में बिहार से बालू लादकर गोरखपुर जा रहा था। अभी वह कोतवाली थाना क्षेत्र के सलाहाबाद फाेरलेन पुल पर पहुंचा था कि वहां पहले से किनारे एक ट्रेलर खड़ा था। उसी के पास दूसरा ट्रेलर खड़ा हो रहा था कोहरे के कारण चालक को दोनों ही ट्रेलर नहीं दिखे। चालक के अनुसार खड़ा हो रहे ट्रेलर को बचाने के चक्कर में ट्रेलर अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए 40 फीट नीचे गिर गया। आस- पास के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दिया। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दाेनों को अस्पताल में भर्ती कराया।