मधुबन तहसील क्षेत्र के गांगेवीर स्थित कंपोजिट विद्यालय पर शुक्रवार को बच्चों की दक्षताओं को व्यवहारिक जीवन से जोड़ने के उद्देश्य से विद्यालय में निपुण बाल मेला का आयोजन किया गया। मेले में बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मेला का उद्घाटन खंड शिक्षा अधिकारी फतेहपुर मंडाव श्याम सुंदर पटेल ने किया। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि बच्चों द्वारा इस प्रकार का कार्यक्रम आयोजित करना एक सराहनीय नवाचार है। ऐसे आयोजनों से बच्चों के अंदर विभिन्न प्रकार के कौशल विकसित होते हैं और वे व्यवहारिक जीवन के पहलुओं को नजदीक से समझते हैं। निपुण बाल मेले में बच्चों ने ब्रेड पकोड़ा, फ्रूट चाट, मोमोज, समोसा, इडली, गुलाब जामुन तथा लिट्टी-चोखा सहित विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल लगाए। स्टॉल लगाने वाले बच्चों में कक्षा 6 से अनन्या, आयुषी, अभय पांडेय, संगम, बदल तथा कक्षा 7 व 8 से प्रिया, ज्योति, अंशिका, अनमोल, गणेश और प्रतिज्ञा शामिल रहे। कक्षा 6 से 8 तक के बच्चों ने स्टॉल लगाए, जबकि कक्षा एक से 8 तक के बच्चों ने इन स्टॉलों पर लगे व्यंजनों का आनंद लिया। मेले में बच्चों ने विभिन्न खेलों में भी प्रतिभाग किया, जिनमें स्टंप थ्रो, गिलास थ्रो, प्रायिकता से संबंधित खेल तथा पांचों उंगलियों के बीच पांच पेंसिल उठाने जैसे रोचक खेल शामिल रहे। प्रतियोगिताओं में स्टंप थ्रो में कक्षा 8 की काजल, पाखी कक्षा 3 तथा पेंसिल उठाने में कक्षा 6 के प्रियांशु व संगम विजेता रहे। वहीं गिलास थ्रो प्रतियोगिता में कक्षा 2 की दिव्या विजेता बनीं। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक सूर्यभान शर्मा, रणंजय मल्ल, शिवकुमार सिंह, प्रियंका यादव, उषा देवी सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विशेष आमंत्रित के रूप में मनमोहन पांडेय, एआरपी राधेश्याम पांडेय भी मौजूद रहे।