प्रदेश सहित सभी राज्यों में शराबबंदी की मांग को लेकर मंगलवार को हिंदू जागरण समिति के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद मांग को लेकर सिटी मजिस्ट्रेट को राष्ट्रपति को संबोधित पत्रक सौंपा। हिंदू जागरण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुजीत कुमार सिंह ने कहा कि वर्तमान परिवेश में शराब पीने वालों की संख्या में लगातार अप्रत्याशित वृद्धि हो रही है, लोगों में शराब पीने की लत ने सभ्य समाज के सामने गंभीर संकट पैदा कर दिया है। यह समस्या व्यक्तिगत न होकर राष्ट्रव्यापी समस्या बनती जा रही है। जिसके कारण हमारे देश की सामाजिक संरचना बुरी तरह से प्रभावित हो रही है।