मऊ में कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव के नेतृत्व में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दामों में बढ़ोत्तरी को लेकर पैदल मार्च निकालकर कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया।साथ ही राष्ट्रपति को संबोधित पत्रक सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा गया। विरोध प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के दामों में की गई यह बढ़ोतरी पूरी तरह से अन्यायपूर्ण है। इससे पहले व्यावसायिक गैस सिलेंडर और 5 किलो वाले सिलेंडरों की कीमतें बढ़ाकर सरकार ने पहले ही गरीबों और छोटे व्यापारियों की कमर तोड़ दी थी। इस तानाशाही फैसले के कारण मालभाड़ा बढ़ेगा, जिससे हर आवश्यक वस्तु महंगी हो जाएगी और आम आदमी के लिए दो वक्त की रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा।कहा कि केंद्र सरकार की इस तानाशाही को लेकर देशहित में राष्ट्रपति के माध्यम से अपनी मांग रखी गई है। जिसमें पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल प्रभाव से वापस लेने और घरेलू व व्यावसायिक गैस सिलिंडरों के दाम कम कर जनता को आर्थिक राहत देने की मांग की गई।साथ ही बढ़ती महंगाई को लेकर ठोस कदम उठाने के साथ चेतावनी दी कि जनहित में इन मांगों को पूरा न करने पर कांग्रेस सड़क से लेकर संसद तक इस लड़ाई को और उग्र करेगी।प्रदर्शन में ओमप्रकाश ठाकुर, उदय प्रताब राय, मनोज गिहार, फ़हद क़ादिर, हफीजुर्रहमान, नज़ीर अहमद, प्रमोद सिंह, शिवाजी कन्नौजिया, सुरेश राजभर, महेंद्र सोनकर, अमरनाथ योगी, रामकेश सिंह पटेल, मोती राम सहित संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।