मथुरा के कोसीकलां के गांव कामर में विवाद की सूचना पर पहुंची पीआरवी कर्मियों पर एक युवक ने हमला कर दिया। हमले में पीआरबी पर तैनात एक होमगार्ड घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी को पकड़कर चालान कर दिया। घायल होमगार्ड को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बृहस्पतिवार की देर रात करीब 11:30 बजे पीआरबी को गांव कामर में एक विवाद की सूचना मिली। पुलिस का कहना है कि राधेश्याम ने डायल-112 पर कॉल कर सहायता मांगी थी। मौके पर पहुंची पुलिस को राधेश्याम हंगामा करता मिला। पूछताछ में उसकी गलती सामने आई, जिस पर पुलिसकर्मियों ने उसे समझाने का प्रयास किया।