वृंदावन में श्री बांकेबिहारी मंदिर के सेवायत गोस्वामी परिवार की महिलाओं ने मंदिर के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन किया। उनका गुस्सा बांकबिहारी मंदिर हाईपावर्ड कमेटी पर फूटा। उन्होंने नारेजाबी करते हुए कहा कि कमेटी के गठन होने पर व्यवस्था में सुधार की बड़ी उम्मीद थी, लेकिन यहां उसके उलट जो पुरानी परंपराएं और सेवायत गोस्वामी और उनके परिवार के अधिकार थे, उन्हें छीना जा रहा है। जबकि भीड़ प्रबंधन, सफाई व्यवस्था में किसी तरह का सुधार नहीं हुआ है। श्रीबंाकेबिहारी मंदिर के पट दोपहर में बंद होते ही गोस्वामी समाज की महिलाएं मंदिर के गेट एक पर पहुंची। यहां उन्होंने कमेटी के द्वारा अभी तक आए आदेश के प्रति विरोध जताया और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान गोस्वामी समाज की महिला श्यामा गोस्वामी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट से मंदिर की व्यवस्थाओं को बेहतर करने एवं भीड़ प्रबंधन के लिए हाईपावर्ड कमेटी का गठन हुआ तो उम्मीद थी कि यह गोस्वामी समाज के साथ मिलकर व्यवस्था में सुधार करेगी। भीड़ प्रबंधन होगा। श्रद्धालुओं को सहज ठाकुरजी के दर्शन होंगे, लेकिन न तो भीड़ प्रबंधन पर कार्य हुआ और न ही मंदिर की सफाई व्यवस्था और आवश्यक सुधार हो सके।