यूजीसी के नए नियमों पर आक्रोश थम नहीं रहा है। मथुरा के चाैमुहां में शुक्रवार को ब्रजमंडल क्षत्रिय राजपूत सभा के बैनर तले छटीकरा-वृंदावन मोड़ पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने इन नियमों को 'काला कानून' बताते हुए छटीकरा चौराहे से वृंदावन रोड स्थित कमल मंदिर तक पैदल यात्रा निकाली और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ब्रजमंडल क्षत्रिय राजपूत सभा के प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर मुकेश सिंह सिकरवार के नेतृत्व में जुटे कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के विरुद्ध रोष प्रकट किया। जैंत थाना प्रभारी उमेश चंद्र त्रिपाठी अपनी टीम के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभालते और प्रदर्शनकारियों को समझाते नजर आए। क्षत्रिय राजपूत सभा ने मांग की है कि इस कानून को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए। मनोज ठाकुर ने कहा कि यद्यपि सुप्रीम कोर्ट ने 19 मार्च तक इस पर रोक लगाई है, लेकिन समाज केवल रोक से संतुष्ट नहीं है। वे इस कानून का पूर्ण उन्मूलन चाहते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगें नहीं मानी गईं, तो आने वाले समय में यह 'विकराल आंदोलन' का रूप लेगा। प्रदर्शन में मुख्य रूप जगदीश गौर, विजय सिंह राजपूत, विष्णु पहलवान, धनीराम, चंदन सरपंच, प्रहलाद फौजी, ओमप्रकाश सिसोदिया, महेंद्र प्रताप सिंह, राजू राघव, कन्हैया कुशवाह आदि उपस्थित रहे।