मथुरा के बलदेव में ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा व त्योहारों को लेकर बलदेव थाना प्रांगण में बैठक हुई। एसडीएम ऊषा सिंह व सीओ श्वेता वर्मा ने कहा अधिक मास व अन्य पर्वों पर किसी श्रद्धालु को असुविधा नहीं होनी चाहिए। व्यवस्थाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी की अनुपस्थिति पर एसडीएम ने नाराजगी जताई। एसडीएम ने रोजाना सफाई, पेयजल, छिड़काव, सुलभ शौचालय, पानी व प्रकाश व्यवस्था के निर्देश दिए। निर्माणाधीन नाले की सफाई व इंटरलॉकिंग सड़क दुरुस्त के निर्देश दिए। शाम को बिजली कटौती न करने व भंडारों पर स्वच्छता रखने, क्षीरसागर व खडैरा घाट यमुना तट पर गोताखोरों की तैनाती व बैरिकेडिंग व्यवस्था के लिए नगर पंचायत को कहा। पीतांबर पांडेय, उपदेश पांडेय, लेखराज सिंह व प्रधान संगठन के अध्यक्ष योगेश गौतम ने अवैध खनन व ओवरलोडिंग, नंदों तेहरिया ने गंदगी की समस्या रखी। सीओ ने अवैरनी चौराहा पर ओवरलोडिंग वाहनों पर छापामार कार्रवाई कराई तो सभी भाग गए। बैठक में थानाध्यक्ष पुष्पेंद्र कुमार, कस्बा प्रभारी वीरपाल सिंह, प्रमोद भरंगर, वीरपाल सिंह भरंगर, मल्ल सिंह छौंकर, विनोद मोदी, कमल पांडेय, बलराम शर्मा, सुरेंद्र सिकरवार, देव अग्रवाल आदि मौजूद रहे।