मांट। थाना सुरीर क्षेत्र में गुरुवार को पेट्रोल पंप के पास बोलेरो पिकअप की टक्कर से बाइक सवार 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। टक्कर लगने के बाद युवक बाइक समेत सड़क पर काफी दूर तक घिसटता चला गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने पिकअप और उसके चालक को कब्जे में ले लिया है। गांव लमतौरी निवासी लोकेश गौतम (21) पुत्र संजय गौतम गुरुवार को बाइक से सुरीर स्थित पेट्रोल पंप पर पेट्रोल डलवाने के बाद नौहझील की ओर पायनोर कंपनी जा रहा था। पेट्रोल पंप और मुर्गा फार्म के समीप पहुंचते ही पीछे से आई बोलेरो पिकअप ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक बाइक समेत सड़क पर घसीटता चला गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी अरुण कुमार डागर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर बोलेरो पिकअप और उसके चालक को कब्जे में ले लिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।