मथुरा के बरसाना थाना क्षेत्र के गांव संकेत स्थित एक टाउनशिप में रहने वाले मां-बेटे ने अपने प्लाॅट पर कथित कब्जे और शिकायत के बावजूद कोई सुनवाई न होने पर बुधवार को लखनऊ पहुंचकर विक्रमादित्य मार्ग पर जहरीला पदार्थ खाकर आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। वहीं, मथुरा पुलिस भी सक्रिय हो गई है। मामले की जांच कराई जा रही है। मुनेश सिंह और उनका 38 वर्षीय पुत्र बलजीत सिंह प्लाॅट विवाद को लेकर कई दिनों से गहरे तनाव में थे। बुधवार दोपहर करीब 11.30 बजे दोनों लखनऊ पहुंचे और मुख्यमंत्री आवास के निकट विक्रमादित्य मार्ग पर जहरीला पदार्थ निगल लिया। मौके पर उपस्थित लोगों की सूचना पर पुलिस माैके पर पहुंच गई। दोनों को तत्काल सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर बताते हुए उपचार शुरू किया। प्रारंभिक पूछताछ में यह सामने आया कि मथुरा स्थित विवादित प्लाॅट पर दबंगों ने कब्जा कर लिया था। पीड़ितों ने स्थानीय स्तर पर कई बार शिकायत की, लेकिन कथित रूप से किसी भी स्तर पर सुनवाई न होने से निराश होकर उन्होंने यह कठोर कदम उठाया।