छाता (मथुरा)। क्षेत्र की बंद पड़ी शुगर मिल को दोबारा शुरू कराने की मांग को लेकर आयोजित महापंचायत में बड़ा निर्णय लिया गया है। किसानों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने एक ज्ञापन उप जिलाधिकारी (एसडीएम) अखिलेश कुमार को सौंपा है, सीएम योगी तक बात पहुंचने की मांग की। पूर्व सांसद कुंवर मानवेन्द्र सिंह ने बताया कि ज्ञापन में स्पष्ट रूप से मांग की गई है कि शुगर मिल के नए सिरे से उद्घाटन या शिलान्यास का औपचारिकता निभाने के बजाय सीधे तौर पर मिल पर जमीनी काम शुरू किया जाए। इसके साथ ही, अनशन पर बैठे दीपक शर्मा के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार की उच्च स्तरीय जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी उठाई गई।सुबह से शुरू हुई इस महापंचायत में देर शाम तक हजारों की संख्या में किसान डटे रहे। एक के बाद एक कई किसान संगठनों के नेता और जनप्रतिनिधि पहुंचे और मिल को जल्द चालू कराने का पुरजोर समर्थन किया। किसानों का दोटूक कहना है कि जब तक मिल का काम धरातल पर शुरू नहीं होता, तब तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। महापंचायत में "किसान और जवान एक साथ" के नारे गूंजे, और यह संकल्प लिया गया कि मिल चालू होने तक यह एकता बनी रहेगी।