होली के रसिया की जय के गगनभेदी जयकारों के बीच विश्व प्रसिद्ध लठामार होली हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हो गई। रंगीली गली में नंदगांव के हुरियारों और बरसाना की हुरियारिनों के बीच परंपरागत लठामार होली का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। ढालों पर बरसते लठ और उड़ते गुलाल के बीच होरी के रसिया गूंजते रहे और पूरा बरसाना भक्ति और उल्लास में डूबा नजर आया। मंदिर से लेकर रंगीली गली तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। लठामार होली अपने चरम पर पहुंचते ही पूरा वातावरण होली के रसिया की जय और राधे राधे के जयघोष से गूंज उठा। ढालों पर पड़ती लाठियों और होरी की तानों ने सदियों पुरानी परंपरा को सजीव कर दिया। श्रद्धालु ऊंचे स्थानों और छतों पर खड़े होकर इस अलौकिक होली के दर्शन करते नजर आए और हर प्रहार पर जयकारों की गूंज तेज होती चली गई। रंगीली गली में गुलाल और रंगों की ऐसी बरसात हुई कि पूरा क्षेत्र राधा रानी के रंग में रंगा नजर आया। श्रद्धालु परिक्रमा करते, नाचते गाते और एक दूसरे पर गुलाल उड़ाते दिखाई दिए। कई भक्त हाथ जोड़कर रंगीली गली की ओर निहारते रहे तो कई ने इस होली को राधा रानी का साक्षात प्रसाद मानकर अपने माथे पर गुलाल लगाया।